उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील का सुडल गांव आज भी बिजली की सुविधा से महरूम है। इसी कारण आए दिन ग्रामीण जंगली जानवरों का शिकार बन रहे हैं। वीरवार रात को भी इसी कारण सात वर्ष का सुरजीत तेंदुए का शिकार बन गया। घर के अंदर मां दीपक की रोशनी में खाना बना रही थी। बाहर बच्चे अंधेरे में खेल रहे थे। घात लगाकर तेंदुए ने बच्चे को अपना शिकार बना लिया। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग करने के बाद भी उनके गांव में बिजली सुविधा नहीं मिल सकी है।
-----
गांव में बिजली की सुविधा की मांग को लेकर कई बार ज्ञापन जिला प्रशासन, बिजली विभाग और मंत्रियों को सौंपे हैं। सबकी की तरफ से जल्द बिजली की सुविधा सडल गांव में पहुंचाने के आश्वासन दिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर आज तक कुछ नहीं किया गया है। अंधेरे का फायदा उठाकर ही आए दिन जंगली जानवर ग्रामीणों को अपना निशाना बना रहे हैं।
-पवन कुमार, सरपंच कुलटैड पंचायत
------
छह माह पहले रीछ ने हमला किया था। इसके बाद तेंदुए ने कई जानवरों और लोगों पर हमला किया। इसके बारे में वन्य विभाग को भी सूचित किया, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। जंगली जानवर ज्यादातर रात को ही लोगों को अपना निशाना बना रहे है। रात होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है और इसका फायदा जंगली जानवर उठाते हैं।
-सोहन दुबे
-------
सडल गांव के ग्रामीण कई वर्षों से बिजली की सुविधा मिलने का इंतजार कर रहे हैं और अब बिजली न होने के कारण ही लोगों की जान भी जाने लगी है। उनकी जिला प्रशासन से अपील है कि गांव में बिजली की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वह लोग जंगली जानवरों के हमलों से से बच सकें।
-विजय कुमार, पंच
--------
पंचैरी में सड़क किनारे ग्रामीण इलाकों में बिजली की सुविधा पहुंच चुकी है, लेकिन सड़क से तीन या फिर चार किलोमीटर दूर बसे कई गांव आज भी बिजली की सुविधा से महरूम हैं। बिजली विभाग और जिला प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना चाहिए और इसके लिए कोई योजना तैयार करनी चाहिए।
-मोहन लाल
पंच विजय कुमार- फोटो : UDHAMPUR
सोहन दुबे- फोटो : UDHAMPUR
सरपंच पवन कुमार- फोटो : UDHAMPUR