किश्तवाड़। पाडर में शुक्रवार को उस समय दहशत फैल गई जब जंगल से अचानक धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद धुआं उठता दिखाई दिया। लोगों के अनुसार घटना हंसवाड़ के जंगल क्षेत्र में हुई जहां पहले धमाके की आवाज आई और कुछ ही क्षणों में धुएं का गुब्बार उठने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धुआं दूर से ही नजर आ रहा था जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और पुलिस अधिकारियों की टीम पहुंची। साथ ही सेना का हेलिकॉप्टर गश्त लगाता रहा। घटना का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कारणों का देर रात तक पता नहीं चल सका। जब कुछ लोग घटनास्थल के नजदीक पहुंचे तो उन्होंने देखा कि जंगल के बड़े हिस्से में आग लगी है जो तेजी से फैल रही थी। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।