धर्मनगरी कटड़ा से देश के कई हिस्सों से दीवाली के लिए नई ट्रेनें चलाने की उत्तरी रेलवे ने तैयारी कर ली है। अगले सप्ताह 21 अक्तूबर को कटड़ा से दक्षिण भारत के यशवंपुर तक विशेष प्रीमियम ट्रेन चलाई जा रही है। यह ट्रेन दीवाली पर चार फेरे लगाएगी।
आने वाले दिनों में रेलवे ने कटड़ा से करीब एक दर्जन ट्रेनों का विस्तार किया जाएगा। कटड़ा से इसी महीने तीन नई ट्रेनें शुरू कर दी गई हैं। जबकि उधमपुर से कोटा जाने वाली विशेष ट्रेन का विस्तार किया गया है। यह ट्रेन पहले 16 अक्तूबर तक ही चलनी थी। अब यह ट्रेन पांच नवंबर तक चलेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यशवंतपुर से विशेष ट्रेन 18 और 25 अक्तूबर को कटड़ा श्री माता वैष्णो देवी के लिए आएगी। कटड़ा से 21 और 28 अक्तूबर को शाम साढ़े छह बजे यह ट्रेन वापस यशवंतपुर के लिए रवाना होगी। ट्रेन नई दिल्ली से होते हुए झांसी, नागपुर,सिकंदराबाद, बैलारी से यशवंतपुर पहुंचेगी।
कटड़ा में लगातार भीड़ बढ़ने के साथ ही उत्तरी रेलवे ने देश के पश्चिम, पूर्वी क्षेत्रों के श्रद्घालुओं के लिए भी सुविधा प्रदान करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अक्तूबर से महीने से तीन ट्रेनें कटड़ा से शुरू हुई हैं, जिनमें मुज्जफरपुर-कटड़ा साप्ताहिक, कटड़ा-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक, अहमदाबाद-कटड़ा सप्ताह में दो दिन शामिल हैं। अब खामखाया असम से भी कटड़ा को जोड़ा गया है।
चार जुलाई को कटड़ा रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के बाद से दो डीएमयू और श्री शक्ति एक्सप्रेस ट्रेन ही चल रही थी। जबकि विशेष ट्रेनें उधमपुर से चलाई जाती थी। डीटीएम आरएन मीना के अनुसार दीवाली और अन्य त्योहारों के सीजन में भीड़ बढ़ने की उम्मीदों के कारण कटड़ा से करीब एक दर्जन ट्रेनें चलाई जा रही है। कटड़ा से अक्तूबर महीने से दो प्रीमियम ट्रेनें शुरू कर दी गई हैं।