किश्तवाड़। जिले में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने के आरोप में पुलिस ने एक कश्मीरी युवक को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मंजूर अहमद रैना निवासी खानन कंगन, गांदरबल (श्रीनगर) के रूप में हुई है। मौजूदा समय में वह किश्तवाड़ के पक्कल-डूल पावर प्रोजेक्ट में अफकान कंपनी के साथ डुल पावर हाउस साइट में जेसीबी मशीन ऑपरेटर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किया गया था। इसके तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संज्ञान लेते हुए टीमें गठित कर आरोपी को दो घंटे में गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह वीडियो गांदरबल में शूट किया गया है और आरोपी ने इसे अपने व्हट्सऐप स्टेट्स के रूप में अपडेट किया है। डीएसपी हेडक्वार्टर देवेंद्र सिंह बंद्राल ने मामले की पुष्टि की है।