उधमपुर। कांग्रेस नेता सुमित मगोत्रा ने रविवार को बारिश से प्रभावित ग्रामीण इलाकों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश से उनकी फसलों को बहुत नुकसान पहुंच रहा है। इसके साथ कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कावा, सतैनी, रिट्टी, शजालता आदि इलाकों में पहुंच कर लोगों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। लोगों ने बताया कि सतैनी में हर वर्ष भारी बारिश के चलते लोगों के घरों में पानी भर जाता है, जिससे मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सरकार और प्रशासन की ओर से अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। सतैनी इलाके में लोगों के नए मकानों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सतैनी में जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।