उधमपुर। गवर्नमेंट हाई स्कूल डूडू किरची में चल रही अंडर-14 बालक एवं बालिकाओं के लिए जोन डूडू के जोनल स्तरीय इंटर स्कूल टूर्नामेंट में मंगलवार को वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और रस्साकशी मुकाबले करवाए गए। इसमें 20 सरकारी संस्थानों के 414 लड़कों और 49 लड़कियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय हाई स्कूल डूडू किरची के प्रधानाध्यापक शमशेर अहमद की उपस्थिति में हुई।
बालक वर्ग के वॉलीबाल मुकाबले में एमएस बॉयज लाट्टी ने एमएस चक्का को 25-14, 25-19 के स्कोर से हराया। बालक वर्ग के कबड्डी मुकाबले में एमएस चक्का ने एचएस लाट्टी घरात को 32-24 के स्कोर से शिकस्त दी। बालिका वर्ग के खो-खो मुकाबलों में एमएस बग्गन ने एचएस डूडू किरची को 41-10 के स्कोर से मात दी। इसी तरह टग ऑफ वॉर बॉयज में एमएस लाट्टी घरात ने एमएस लाट्टी को शिकस्त दी। प्रतियोगिताएं यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स जम्मू-कश्मीर यूटी के निदेशक सुभाष चंदर छिब्बर, जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी धर्मवीर सिंह की अध्यक्षता और प्रभारी जेडपीईओ डूडू पीईएम मलिक इफ्तिखार इकबाल की देखरेख में किया जा रहा है।