उधमपुर। राजकीय महिला कॉलेज में विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में रेड रिबन क्लब ने समानता: एचआईवी, एड्स को समाप्त करने के लिए समानता प्राप्त करना विषय पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। इनमें सेमेस्टर पांच की अनीता देवी ने शानदार प्रदर्शन कर पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस दौरान शिक्षकों ने छात्रों को एड्स के प्रति जागरूक भी किया।
मौके पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. मोनिका शर्मा मुख्यातिथि थीं। क्लब के संयोजक डॉ. केवल कुमार ने विश्व एड्स दिवस के लिए इस वर्ष की थीम के बारे में बताया। कार्यक्रम में सुबह पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें 29 छात्रों ने भाग लेकर दिए गए विषय पर संदेश उन्मुख पोस्टर बनाए। जीव विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संजीत कौर, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अशनी देवी और जीव विज्ञान की सहायक प्रोफेसर सुमिता राव जूरी सदस्य थीं। उनके निर्णय के आधार पर सेमेस्टर पांच की अनीता देवी को प्रथम और सुकन्या शर्मा को द्वितीय स्थान मिला। इसके अलावा सेमेस्टर तीन की किरण शर्मा और सेमेस्टर पांच की नीना देवी ने तीसरा स्थान साझा किया।
दोपहर के सत्र में एक तात्कालिक प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों को बिना किसी पूर्व तैयारी के स्वेच्छा से एक-दो मिनट एचआईवी/एड्स पर बोलने की अनुमति दी गई। पोस्टर मेकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सेमेस्टर पांच की अनीता देवी ने इस प्रतियोगिता को भी जीत लिया। कार्यक्रम में करीब 115 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रो. सुमिता राव ने बताया कि एड्स की बीमारी ठीक नहीं हो सकती। लेकिन, एक एचआईवी संक्रमित व्यक्ति कुछ नियमों और समर्थनों का पालन कर दूसरों की तरह खुशहाल और स्वस्थ जीवन जी सकता है। इस दौरान छात्रों को एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।