उधमपुर। कोरोना कर्फ्यू के बीच शुक्रवार को शहर में कई शादियां भी हुईं। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर बरात निकली। प्रशासन ने भी शादी समारोह पर पूरी नजर रखी हुई थी। कहीं भी भीड़ नहीं लगने दी।
प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया था कि कर्फ्यू के दौरान शादियों पर कोई रोक नहीं रहेगी। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर शादी समारोह का आयोजन होगा। उधमपुर प्रशासन ने जिले के लोगों को निर्देश दिए थे कि शादी के आयोजन की पहले प्रशासन को जानकारी उपलब्ध करवाए। शुक्रवार को जब कोरोना कर्फ्यू शुरू हुआ तो इस दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में कई बरात भी निकलीं। पहले जहां बारात में सैकड़ों की संख्या में लोग नजर आते थे तो शुक्रवार को केवल 15 से 20 लोग बारात में शामिल रहे। दुल्हे ने मास्क पहन रखा था और बाराती भी मास्क पहन कर ही नाच रहे थे। सभी ने सामाजिक दूरी का भी पूरा ख्याल रखा था। प्रशासन की टीम शादी व अन्य समारोह पर पूरी नजर रख रही है और कहीं पर भी भीड़ नहीं लगने दी जा रही है।