किश्तवाड़। जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कांदनी से ओहली तहसील द्राबशाला सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए दोषी ठेकेदारों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश जारी किए हैं।
अतिरिक्त जिला उपायुक्त पवन कोतवाल की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि कुंतवाड़ा क्षेत्र के निवासियों की शिकायतों के आधार पर यह मामला सामने आया है। इसमें बताया गया कि उक्त सड़क निर्माण कार्य वर्षों से लंबित पड़ा है और इस कारण स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
आदेश में कहा गया कि सड़क के भाग एक का कार्य मार्च 2021 में एम/एस शर्मा कंस्ट्रक्शन को और भाग दो का कार्य नवंबर 2017 में एम/एस कसाना ब्रदर्स को सौंपा गया था। बार-बार चेतावनी और पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद दोनों ठेकेदारों ने न तो आवश्यक संसाधनों की तैनाती की और न ही कार्य को आगे बढ़ाया। परिणामस्वरूप परियोजना का कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा है और सड़क निर्माण में नगण्य प्रगति हुई है। प्रशासन ने इसे अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन, सरकारी निर्देशों की अवहेलना और जनहित की हानि माना है। आदेश में कहा गया है कि ठेकेदारों की यह लापरवाही सार्वजनिक धन की बर्बादी के साथ-साथ विकास योजनाओं में बाधा उत्पन्न कर रही है।
अतिरिक्त जिला उपायुक्त ने एसएसपी किश्तवाड़ को निर्देशित किया है कि दोनों ठेकेदारों एम/एस शर्मा कंस्ट्रक्शन और एम/एस कसाना ब्रदर्स के विरुद्ध विधि सम्मत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
पत्र में कहा गया है कि यह मामला जनहित से जुड़ा है और इसमें तत्काल कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में किसी भी ठेकेदार द्वारा इस प्रकार की लापरवाही न की जा सके। साथ ही पुलिस से कहा गया है कि एफआईआर की प्रति तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शीघ्र जिला प्रशासन को प्रस्तुत की जाए, जिससे उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जा सके।