किश्तवाड़। नवनियुक्त एसएसपी किश्तवाड़ सनी गुप्ता ने पाडर क्षेत्र का दो दिवसीय व्यापक दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चंडी माता मचैल मंदिर में माथा टेका और विभिन्न स्थानों पर पुलिस सामुदायिक साझेदारी समूह की बैठकों में भाग लिया।
एसएसपी ने पुलिस चौकी मचैल, पुलिस चौकी इश्तियारी, थाना अठोली और पुलिस चौकी पड़यारना में आयोजित बैठकों में स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। बैठक के दौरान लोगों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न स्थानीय मुद्दों और समस्याओं को एसएसपी के समक्ष रखा।
सनी गुप्ता ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आम लोगों के लिए सहज रूप से उपलब्ध रहें तथा स्थानीय समुदाय के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत संबंध क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी समस्या या सुरक्षा संबंधी चिंता की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिस सहायता चाहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। जिला पुलिस किश्तवाड़ जनता के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने तथा पूरे जिले में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।