किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ के पाडर मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे किजाई के समीप सड़क मार्ग को जोड़ने वाला पुल अचानक ढह गया। हादसे के समय पुल से रेत से भरा डंपर गुजर रहा था। पुल ढहने से डंपर पलट गया और पुल के साथ ही नीचे नाले में झूल गया। झटके से नीचे नहीं गिरने से बचाव हो गया। चालक को मामूली चोटें पहुंची हैं। चालक रुस्तम अली निवासी नागसैनी किश्तवाड़ को अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। डंपर अठोली से किश्तवाड़ की तरफ आ रहा था। हादसे के बाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
डंपर में 40 से 50 टन रेत लदी हुई थी। क्षमता से अधिक वजन के कारण पुल भार सहन न कर सका और ढह गया। ढहे पुल के पास ही नया पुल बन चुका है लेकिन उसे यातायात के लिए खोला नहीं गया था। अब बीआरओ ने आवाजाही के लिए उसे छोटे वाहनों के लिए खोलने का काम शुरू कर दिया है।
इसके अलावा कीलूं पावर प्रोजेक्ट साइट में भी एक और डंपर हादसे का शिकार हो गया। इसमें दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
हलके वाहनों के लिए था पुल, गुजरती रही रेत से भरी गाड़ियां
-बीआरओ अधिकारी ने किया मौके का निरीक्षण, नए पुल से जल्द यातायात बहाल करने के निर्देश
किश्तवाड़। पुल पर भारी वाहनों के गुजरने पर प्रतिबंध था। पुल 11 टन भार वाले हलके वाहनों के लिए था। इस संबंधी पुल पर बोर्ड भी लगा हुआ है लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। हादसे के समय जो डंपर पुल से गुजर रहा था, उसमें रेत भरी थी। इसका वजन 40 से 50 टन बताया जा रहा है। इस वजह से पुल वजन सह नहीं पाया और ढह गया।
पुल ढहने की घटना के बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी जीवितेश रज़ोरा ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साथ बने नए पुल से यातायात जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।
बीआरओ अधिकारी जीवितेश रज़ोरा ने बताया कि इसी मार्ग पर एक अन्य पुल पहले से निर्मित है और उसे यथाशीघ्र छोटे वाहनों के लिए चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल पर पहले से ही बोर्ड लगाया गया था, जिसमें भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक का स्पष्ट उल्लेख था और पुल केवल एकतरफा यातायात के लिए निर्धारित था। इसके बावजूद भारी वाहनों का संचालन किया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा पेश आया।
वहीं, इस घटना की जानकारी देते हुए डीएसपी विजय कुमार भगत ने कहा कि जैसे ही पुल ढहने की सूचना मिली तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर भी क्षेत्र में आवश्यक कदम उठाए। पुल को आसपास जमा लोगों की भीड़ को हटाया गया और फंसे वाहनों को वापस किया गया। घटना के बाद प्रशासन, पुलिस और बीआरओ की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं। मार्ग बहाली और यातायात को सुचारू करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोग करें। संवाद