कटड़ा। दीपावली और अन्य त्योहारों के चलते मां वैष्णो देवी धाम में यात्रियों की संख्या में गिरावट के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को कुल 17,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। वहीं, शनिवार 31 अक्तूबर को शाम पांच बजे तक करीब 19 हजार श्रद्धालु यात्रा पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। देर शाम तक देशभर के विभिन्न राज्यों से मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने और यात्रा पंजीकरण करवाने का सिलसिला जारी रहा।
विज्ञापन
बीते सप्ताह तक जहां प्रतिदिन 25 से 30 हजार श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए कटड़ा पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या घटकर 15 से 20 हजार के बीच रह गई है। आगामी दिनों में दीपावली तक यात्रा में और कमी आने की संभावना जताई जा रही है।