कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी भवन में शुक्रवार को मौसम साफ रहने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा। श्रद्धालु पंजीकरण कराकर परिवार सहित पूरे दिन दरबार की ओर रवाना हुए। हालांकि गणतंत्र दिवस के बाद यात्रा में फिर गिरावट आई है। इससे श्रद्धालुओं को प्राचीन गुफा के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। श्राइन बोर्ड ने वीरवार रात 10 से एक बजे जबकि शुक्रवार सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए प्राचीन गुफा के कपाट खुले रखे।
भैरव घाटी पहुंचकर श्रद्धालु त्रिकुटा पर्वत की चोटियों की सुंदरता का आनंद ले रहे हैं। साथ ही भवन मार्ग पर बर्फ के साथ फोटो खींच रहे हैं। प्रतिदिन करीब 15 हजार से 18 हजार श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंच रहे हैं। यात्रा को सुचारू बनाए रखने के लिए श्राइन बोर्ड की ओर से आवश्यक सुविधाएं बिना परेशानी के उपलब्ध करवाई जा रही हैं। व्यापारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की आवाजाही से बाजारों में चहल-पहल है। आंकड़ों के अनुसार 29 जनवरी को करीब 14,700 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए जबकि शाम 5 बजे तक लगभग 12,500 श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड बनाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।