किश्तवाड़। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर द्राबशाला तहसील में बड़ा हादसा टल गया। टिप्पर अचानक अनियंत्रित होकर चिनाब नदी की ओर बढ़ गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से जानी-माली नुकसान टल गया। बताया जा रहा है कि वाहन सड़क किनारे नीचे की ओर खिसक गया और आगे के दो टायर सड़क से बाहर निकल गए जबकि पिछले टायर सड़क पर रुक गए।
वाहन चालक ने किसी तरह खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। लोगों का कहना है कि अगर वाहन और आगे बढ़ जाता तो सीधे नदी में गिर सकता था। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग द्वारा वाहन को हटाने के साथ यातायात को सामान्य किया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक मोड़ और नदी किनारे वाले मार्गों पर रेलिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में घटनाओं से बचा जा सके।