भवन की ओर प्रस्थान करते श्रद्धालु।
- फोटो : katra news
कटड़ा। ठंड के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का जोश लगातार बना हुआ है। श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर परिवार के साथ कटड़ा में पंजीकरण करवाकर आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर निरंतर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो रहे हैं। मौसम में आए बदलाव के बावजूद कटड़ा से चलने वाली हेलिकॉप्टर सेवा दिन में अधिकांश समय श्रद्धालुओं को उपलब्ध रही। इसके अलावा बैटरी कार सेवा के साथ ही रोपवे केबल कार सेवा जैसी सुविधाएं लगातार सुचारू रहीं।
वर्तमान में 20000 से 25000 के मध्य श्रद्धालु रोजाना धर्मनगरी पहुंच रहे हैं और पूरी श्रद्धा के साथ यात्रा कर रहे हैं। मां वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, जिसको लेकर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान जगह-जगह तैनात रहते हैं। मंगलवार शाम 5 बजे तक करीब 16000 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। सोमवार को 22000 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे थे।