पंजीकरण कक्ष खुलने के बाद लगी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : katra news
कटड़ा। नववर्ष पर धर्मनगरी में मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। भवन में करीब एक से डेढ़ किलोमीटर लंबी कतारों में लगकर श्रद्धालु मां के चरणों में हाजिरी लगा रहे हैं।
नववर्ष के प्रथम दिन त्रिकुटा पर्वत की ऊपरी चोटियों पर मामूली हिमपात देखने को मिला। करीब 1 से 2 इंच हुआ हिमपात जल्द ही पिघल गया। नववर्ष के पहले दिन सुबह हल्की बारिश हुई। इसके बाद दिन पर बर्फीली हवाएं चलती रहीं। त्रिकुटा पर्वत पर दिनभर धुंध रहने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा दिन में स्थगित रही। हालांकि भवन मार्ग पर चलने वाली बैटरी कार सेवा के साथ ही मां वैष्णो देवी भवन तथा भैरव घाटी के मध्य चलने वाली रोपवे केबल कार सेवा आम दिनों की तरह सुचारू रही।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कहीं भी भगदड़ जैसी स्थिति न हो। इससे पहले धर्मनगरी कटड़ा में तड़के 4:00 बजे सभी पंजीकरण केंद्र श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए और हजारों की संख्या में श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार के साथ निरंतर भवन की ओर रवाना होते रहे।
भीड़ बढ़ने पर पंजीकरण कक्ष बंद किए
बीते वर्ष 31 दिसंबर को 46000 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी की यात्रा की थी। वहीं वर्ष 2026 के प्रथम दिन वीरवार शाम 4:00 बजे तक 38 हजार और शाम 5:30 बजे तक करीब 40000 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भवन में भीड़ बढ़ने के कारण पंजीकरण कक्ष बंद कर दिए गए। अब शुक्रवार सुबह 4 बजे ही पंजीकरण कक्ष खुलेंगे।
यात्रा का आंकड़ा
वर्ष 2025 के दिसंबर माह में 564700 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे थे। वहीं वर्ष 2025 में 6978806, वर्ष 2024 में 9484182 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी की यात्रा की थी।