कटड़ा। रबी सीजन की तैयारी को देखते हुए कृषि विभाग ने कटड़ा के ब्लॉक पैथल क्षेत्र में किसानों के लिए गेहूं के उन्नत बीज उपलब्ध कराए हैं। विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गेहूं की उन्नत किस्म डब्लूएच-303 का पर्याप्त स्टॉक पंचायत डडूरा और पंचायत भगता में उपलब्ध है। इससे आसपास के सभी क्षेत्रों के किसानों को लाभ मिलेगा।
कृषि अधिकारी राकेश शर्मा ने बताया कि इस बार विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक किसान प्रमाणित बीजों का उपयोग करें ताकि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार हो सके। किसान अपने नजदीकी केंद्र से बीज प्राप्त कर सकते हैं। कृषि विभाग की तरफ से क्षेत्र के किसानों को समय-समय पर उन्नत कृषि तकनीक, मिट्टी परीक्षण और खाद प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।