कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलदेव राज शर्मा ने क्षेत्र में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों, जनकल्याण योजनाओं और सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठकों की जानकारी साझा की।
विधायक ने बताया कि उन्होंने हाल ही में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर कटड़ा और जिला रियासी के विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं। साथ ही जम्मू से सुजनधार भामाग तक एसआरटीसी बस सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की।
विधायक बलदेव राज शर्मा ने उपराज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नारायणा अस्पताल, ककड़ियाल, कटड़ा के आयुष्मान वार्ड में एयर कंडीशनर लगाने की स्वीकृति, कटड़ा में 5 करोड़ रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम का निर्माण तथा हाल ही में बारिश से क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों की मरम्मत के लिए सीएसआर फंड जारी करने का निर्णय एक स्वागतयोग्य कदम है।
विधायक ने बताया कि उपराज्यपाल के समक्ष उन्होंने कटड़ा को चिनाब नदी से पेयजल आपूर्ति, 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट की शीघ्र पूर्णता और स्थानीय समुदाय व श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। हाल ही में सम्पन्न विधानसभा सत्र के दौरान उन्होंने सरकार से आईएमएस और सीवरेज परियोजनाओं को जल्द शुरू करने, जम्मू से सुजनधार भामाग तक एसआरटीसी बस सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने यह स्पष्ट किया कि जिला रियासी में कोई भी होटल सरकारी भूमि पर निर्मित नहीं है, बल्कि सभी निजी भूमि पर बनाए गए हैं।
विधायक बलदेव राज शर्मा ने आगे बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री से भी मुलाकात की, जिसमें झज्जर नाला में 160 मीटर आरसीसी डबल लेन पुल तथा भोमाग क्षेत्र में पीएमजीएसवाई सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। अंत में विधायक बलदेव राज शर्मा ने कहा, पारदर्शिता जवाबदेही और समान विकास मेरी प्राथमिकताएं हैं। विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए।