डोडा में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते सीईओ।
- फोटो : doda news
डोडा। जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की वार्षिक परीक्षाओं के सुचारु और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) डोडा भूषण कुमार पाठक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित स्कूल प्रशासन और परीक्षा कर्मचारियों को बोर्ड के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल सरतिंगल, हायर सेकेंडरी स्कूल द्रढ़ू, हायर सेकेंडरी स्कूल मलोठी और हाई स्कूल भेजा का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, परीक्षा संचालन और निर्धारित नियमों के अनुपालन की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान अनुशासन, निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्यार्थियों को बिना किसी असुविधा के परीक्षा देने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित बोर्ड के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए और परीक्षा कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क रहना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ भूषण कुमार पाठक ने सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल मलोठी में निर्माणाधीन दो कमरों वाले अतिरिक्त कक्षा भवन (2- ए सी आर ) का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और शैक्षणिक बुनियादी ढांचे के विकास की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित समय पर पूरा करने के महत्व पर जोर दिया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा व्यवस्था की निगरानी के साथ-साथ स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के विकास की प्रगति का आकलन करना भी रहा।