उधमपुर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को जिले के राजकीय डिग्री कालेज रामनगर और राजकीय महिला कालेज उधमपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर दोनों कालेजों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राजकीय डिग्री कालेज रामनगर में कालेज के प्राचार्य प्रो. दलजीत सिंह मनहास के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 80 विद्यार्थियों और शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के पहले सत्र में कॉलेज के एनसीओआरडी सेल की ओर से पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। इसके बाद सामूहिक शपथ समारोह आयोजित किया गया। इसमें सभी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सद्भाव और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया। वहीं, कार्यक्रम के दूसरे सत्र में कॉलेज की एनएसएस इकाई और वाद-विवाद एवं संगोष्ठी समिति के सहयोग से राष्ट्रीय एकता का महत्व विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक, भाषाई, धार्मिक और क्षेत्रीय विविधता को देश की ताकत बताते हुए अपने विचार रखे। संगोष्ठी में दीक्षा शर्मा ने पहला, दीक्षा ठाकुर ने दूसरा और नैया बंदराल ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
इसी कड़ी में महिला कालेज उधमपुर के प्राणी विज्ञान विभाग की ओर से भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. डॉ. नलिनी पठानिया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्राणी विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. नेहा अंताल के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व और देश को एकजुट करने में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। नेहा भारती और आबिदा ने विविधता में एकता के महत्व और वर्तमान समय में सरदार पटेल के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर आधारित डाक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। इस कार्यक्रम में करीब 60 छात्राओं ने भाग लिया। कॉलेज के विभिन्न विभागों के शिक्षक भी मौजूद रहे।