पौनी। कस्बे के अप्पर बाजार में बंद पड़ी नालियों और उनमें जमा गंदगी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों की बार-बार मांग के बाद नालियों की सफाई का कार्य शुरू करवाया गया है।
गौरतलब है कि लोक निर्माण विभाग की सड़क के किनारे बनी नालियों में लंबे समय से गंदगी जमा थी। नालियां बंद होने के कारण आसपास बदबू फैल रही थी और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा था। इससे दुकानदारों सहित स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
समाजसेवी अजय शर्मा, मोहम्मद रफीक, पूर्व पंच देवेंद्र अबरोल, अब्दुल रशीद और रजत केसर ने जिला उपायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण लोग लंबे समय से परेशान थे। उन्होंने कहा कि पहले ब्लॉक प्रशासन की ओर से सफाई व्यवस्था के लिए दुकानदारों से प्रतिमाह 100 रुपये शुल्क लिया जाता था, लेकिन बाद में सफाई कार्य बंद हो गया था।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अब नियमित रूप से सफाई होने से अप्पर बाजार के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को गंदगी, बदबू और मच्छरों की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने सफाई व्यवस्था को आगे भी सुचारु रखने की मांग की।