जोजड़ा तालाब की सफाई करती जेसीबी।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। शहर के बट्टलवालियां में सड़क किनारे स्थित करीब 100 साल पुराने जोजड़ा तालाब की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। तालाब में झाड़ियां उगने और गंदगी जमा होने के कारण इसकी हालत काफी खराब हो गई थी। स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से तालाब की सफाई करवाई और राजस्व विभाग से जमीन की निशानदेही कर तालाब के पुराने स्वरूप को बहाल करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले जोजड़ा तालाब का क्षेत्रफल 4 कनाल 13 मरले था, लेकिन अब यह सिमटकर मात्र 3 कनाल 5 मरले रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तालाब में गंदगी और गोबर डाले जाने के कारण इसे धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है। स्थानीय मोहम्मद सादिक के मुताबिक, इस स्थान पर पहले कब्रिस्तान हुआ करता था, जबकि तालाब करीब 100 साल पुराना बताया जाता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मौके पर पटवारी को भी बुलाया गया था। पटवारी ने भी तालाब को लगभग 100 साल पुराना बताया। स्थानीय सरपंच ने राजस्व विभाग से अपील की है कि मौके पर पहुंचकर जमीन की निशानदेही की जाए, ताकि तालाब के वास्तविक क्षेत्रफल का पता लगाया जा सके और इसके बचे हुए हिस्से को सुरक्षित रखा जा सके। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए तालाब की जमीन को चिन्हित करना चाहिए, ताकि इस ऐतिहासिक जलस्रोत को अतिक्रमण और गंदगी से बचाकर उसका पुराना स्वरूप बरकरार रखा जा सके।