फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: युवक से मारपीट मामले को लेकर भांबला चौक पर प्रदर्शन, तीन घंटे ठप रहा हाईवे

विज्ञापन
विज्ञापन
पौनी। भांबला में करीब चार दिन पूर्व एक दुकान के भीतर युवक के साथ हुई मारपीट के मामले को लेकर सोमवार को जन आक्रोश चरम पर पहुंच गया। पीड़ित युवक के समर्थन में उसके गांव के निवासियों सहित आसपास के इलाकों से पहुंचे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने भांबला चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उग्र भीड़ ने जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही पूरी तरह ठप कर दी, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। हाईवे बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी व जाम में फंसकर यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भांबला मुख्य बाजार स्थित एक दुकान के अंदर युवक के साथ की गई बेरहम मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। वायरल फुटेज में दो युवक एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि दो अन्य सहयोगी बाहर मोटरसाइकिल पर खड़े होकर स्थिति पर नजर रखे हुए थे। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया और घायल को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौनी पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू रेफर कर दिया गया।
हालांकि घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी असंतोष पनप गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गंभीर रूप से घायल युवक को जब अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब उसकी सुरक्षा और सहायता के लिए कोई भी पुलिसकर्मी साथ मौजूद नहीं था। मामले में पुलिस ने केवल एक आरोपी को हिरासत में लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। शनिवार को भी गुस्साए लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। मियाद पूरी होने पर भी कोई ठोस प्रगति न दिखने पर सोमवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया।
विज्ञापन

सोमवार सुबह भांबला चौक पर एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने चौकी प्रभारी को मौके पर बुलाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख एसएचओ पौनी रविंद्र और डीएसपी स्मृति शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी चौकी प्रभारी के निलंबन और तबादले की मांग पर अड़े रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रियासी के विधायक कुलदीप राज दुबे और भाजपा नेता सुनील शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और बताया कि इस विषय पर पुलिस के उच्च अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि संबंधित चौकी प्रभारी का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो एसपीओ के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच कराकर उचित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के इस ठोस आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया। इसके बाद एसपी इफ्तखार अहमद ने स्वयं चौकी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों की देखरेख में जाम खुलवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें