पौनी। बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले वार्षिक विशाल दंगल को लेकर कमेटी के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कमेटी के सदस्य अशोक सोलन ने बताया कि कस्बे में बैसाखी पर्व हर वर्ष बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत वर्षों से आयोजित हो रहा यह दंगल क्षेत्र की प्रमुख पहचान बन चुका है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बार भी बैसाखी के तीसरे दिन कस्बे के समीप स्थित मिनी स्टेडियम में विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल में पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न क्षेत्रों के नामी पहलवान भाग लेकर अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे।
कमेटी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर स्थानीय लोगों से भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।