चिनैनी। बैसाखी पर्व से पहले बैणी संगम तक पहुंचने वाले पैदल मार्ग की हालत में सुधार की मांग लोगों ने उठाई है। मंदिर कमेटी के प्रधान विजय कुमार शर्मा ने कहा कि बैसाखी मेले से पहले मेला स्थल पर पहुंचने वाले पैदल मार्ग तथा मेला स्थल पर बारिश में बह गई जमीन की हालत पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले में हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु अलग-अलग जगह से आते हैं जो तवी नदी व देविका के हो रहे मिलन में पवित्र स्नान करते हैं, जिन्हें कई तरह की परेशानियां मेला स्थल पर झेलनी पड़ती हैं। मेला स्थल की ओर आने वाले पैदल मार्ग की हालत में सुधार किया जाना चाहिए। साथ ही तवी नदी पर बने लकड़ी के पुल की हालत में भी सुधार होना चाहिए। पुल से गुजरने के दौरान हादसे का अंदेशा रहता है।