उधमपुर। पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से अंजली माता से चुनूंता गली वाया खरण कोर्ट लद्दा बी तक 15 करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। इसको लेकर विभाग की ओर से पिछले साल क्षेत्र का सर्वे किया गया था।
इसके बाद विभाग की ओर से सड़क बनाने की मंजूरी को लेकर डीपीआर बनाकर सरकार को भेजी गई थी। सड़क की मंजूरी मिलते ही विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सड़क के बनने से लद्दा के वार्ड नंबर एक व दो में रहने वाले लोगों के साथ-साथ उसके साथ लगते अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच देसराज का कहना है कि क्षेत्र में सड़क बनाने को लेकर लोगों की पुरानी मांग थी, जिसके चलते क्षेत्र में होने वाली कई प्रशासनिक बैठकों में इस मुद्दे को जोर-जोर से उठाया गया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क बनाने की मंजूरी मिलने से लोगों में काफी खुशी की लहर है।
उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द क्षेत्र में सड़क के निर्माण कार्य को शुरू करने की मांग की है।