चिनैनी। क्षेत्र की सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों को कई तरह की परेशानियों से गुजरना पड़ता है। शुक्रवार को सड़कों की खस्ता हालत को लेकर लोगों ने चिंता व्यक्त की और प्रशासन से सड़कों की हालत में सुधार की मांग उठाई।
स्थानीय निवासी शमशेर सिंह, रामकृष्ण, राधे श्याम, प्रकाश चंद ने कहा कि चिनैनी से तवी पुल मार्ग, चिनैनी दोमेल मार्ग, चिनैनी चंप्याड़ी सड़क की हालत काफी खस्ता हो गई है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हादसे को न्योता देते हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों की दयनीय हालत पर प्रशासन को विशेष ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि इन सड़कों पर हर रोज हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। सड़कों की खस्ता हालत के चलते कई बार वाहन चालकों को भारी नुकसान भी होता है और उनके गाड़ी का कोई ना कोई पार्ट टूट जाता है। लोगों ने कहा कि जिस तरह से सड़कों की हालत खराब हो गई है वहां हादसे का भी अंदेशा हर समय बना रहता है तथा प्रशासन को चिनैनी क्षेत्र की सड़कों पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि वाहन चालकों को गाड़ी चलाते वक्त परेशानी पेश न आए।