उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक घोरडी में लोगों को चिकित्सा सेवाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से स्थापित किए गए प्राइमरी हेल्थ सेंटर में लोगों को इलाज के लिए दरबदर होना पड़ रहा है। मौजूदा समय में सेंटर में टेक्नीशियन न होने से एक्सरे और ईसीजी मशीनें बंद पड़ी हैं।
एक तरफ एक्सरे मशीन बंद पड़ी है तो वहीं दूसरी ओर केंद्र में आने वाले मरीजों के ईसीजी तक नहीं हो रहे हैं। जिसके चलते इलाज के लिए आने वाले मरीज को एक्स-रे व ईसीजी करने के लिए 22 किलोमीटर दूर रामनगर अस्पताल जाना पड़ रहा है। हालांकि इस समस्या को लेकर कई बार पूर्व सरपंच व स्थानीय लोगों द्वारा विभाग व प्रशासन से समाधान करने की गुहार लगा चुके है, लेकिन उसके बावजूद समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका।
इस संदर्भ में पूर्व सरपंच भारत भूषण का कहना है कि सेंटर में टेक्नीशियन न होने के चलते एक साल से एक्सरे मशीन बंद पड़ी है। उन्होंने बताया कि इतना ही नहीं सेंटर में आने वाले मरीजों के ईसीजी भी नहीं हो पा रहे हैं। लोगों को मजबूरन रामनगर अस्पताल जाना पड़ रहा है। इसके लिए लोगों का समय बर्बाद होने के साथ-साथ पैसों की भी बर्बादी होती है। उन्होंने कहा कि कई बार विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ प्रशासन से भी सेंटर में टेक्नीशियन की कमी को पूरा करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
कोट
जल्द ही विभाग के अधिकारियों से बात कर सेंटर में टेक्नीशियन को नियुक्त करने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोगों को आ रही परेशानी से निजात मिल सके।
-डॉ. सुनील भारद्वाज, विधायक रामनगर
रिपोर्ट, परवेज खान