डीपीएल रामबन में पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, पुलिस
रामबन। एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एडीजीपी) आर्म्ड जेएंडके नितेश कुमार ने वीरवार को रामबन स्थित 16वीं जेकेएपी आईआर बटालियन के मुख्यालय का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ आईजीपी आर्म्ड जम्मू अब्दुल जब्बार और डीआईजी एपी जम्मू जाहिद नसीम मन्हास भी मौजूद रहे। मुख्यालय पहुंचने पर बटालियन के जवानों की टुकड़ी ने एडीजीपी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।
दौरे के दौरान नितेश कुमार ने बटालियन के विभिन्न प्रतिष्ठानों का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके बाद एडीजीपी ने बटालियन के अधिकारियों और जवानों के साथ दरबार आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने जवानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सेवा से जुड़े मुद्दे सुने। कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जवानों को संबोधित करते हुए एडीजीपी ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में अनुशासन, समर्पण और पेशेवर कार्यप्रणाली के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने सभी जवानों से उच्च पेशेवर मानकों को बनाए रखने और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। उन्होंने सामूहिक प्रयासों, जनजागरूकता अभियानों और समाज के साथ सक्रिय सहभागिता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
पुलिस कल्याण, सामुदायिक संपर्क तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने जवानों से पूरी ईमानदारी, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान एडीजीपी ने बटालियन मुख्यालय स्थित बायो पार्क में आयोजित पौधरोपण अभियान में भी भाग लिया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया।
डीपीएल रामबन में पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, पुलिस