रामबन। जम्मू के मंडलायुक्त विकास कुंडल ने शनिवार को रामबन जिले का अपना पहला दौरा कर जिले में चल रहे विकास कार्यों, प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को सभी विकास परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने जिला अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उपायुक्त रामबन मोहम्मद इलियास खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुजीब-उर-रहमान, पीओ आईसीडीएस, सहायक आयुक्त राजस्व (एसीआर), एसडीएम, सहायक आयुक्त विकास (एसीडी), मुख्य योजना अधिकारी (सीपीओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में उपायुक्त ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागों के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों से मंडलायुक्त को अवगत कराया।
मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के फोरलेनिंग कार्य की समीक्षा करते हुए रामबन-बनिहाल खंड में सुरंगों और वायाडक्ट के निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तथा संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग (आरएंडबी), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, जल शक्ति, विद्युत विकास, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, बागवानी, पशुपालन, भेड़पालन, उद्योग एवं वाणिज्य, श्रम सहित विभिन्न विभागों के कामकाज की भी समीक्षा की।
जिला कैपेक्स योजना 2026-27 की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत भौतिक और वित्तीय लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं की समीक्षा कर उनके शीघ्र समाधान पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग, अधिकारियों की जवाबदेही और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के तहत बनाई जा रही सड़कों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क संपर्क से वंचित बस्तियों को सड़क सुविधा से जोड़ने के कार्यों में तेजी लाने तथा मंजूरियों और अन्य बाधाओं से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए।
22.43 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बस स्टैंड का निरीक्षण
अपने दौरे के दौरान मंडलायुक्त ने रामबन में लगभग 22.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे मल्टी स्टोरी बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को परियोजना निर्धारित समय पर पूरी करने और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने चिनाब नदी पर बन रहे 300 मीटर लंबे पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 39.90 करोड़ रुपये की आवंटित लागत से लोक निर्माण विभाग (आरएंडबी) द्वारा निर्मित किया जा रहा यह पुल रामबन शहर को मैत्रा से जोड़ेगा। इसके निर्माण से गुल उपमंडल और आसपास के क्षेत्रों की सड़क संपर्क सुविधा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।