रामनगर। रसेन गांव में स्थित सरकारी हाई स्कूल में दसवीं कक्षा पास करने के बाद छात्राओं को आगे की पढ़ाई में मुश्किल पेश आ रही है।
11वीं कक्षा में दाखिला करवाने के लिए 25 किमी दूर चौकी हायर सेकेंडरी स्कूल दूर होने की वजह से छात्राओं की पढ़ाई छूट रही है। छात्राओं ने सरकार से मांग की है कि सरकारी रसेन हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा दिया जाए ताकि दसवीं कक्षा पास करने के बाद गांव की लड़कियां आगे की पढ़ाई कर सकें।
दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली मनीषा देवी, मीनाक्षी देवी, अंजू देवी ने बताया कि वर्ष 2023 में 14 छात्राएं पास हुई थीं। उसमें से चार छात्राओं ने अपने रिश्तेदारों के घर रह कर चौकी हायर सेकेंडरी स्कूल में दाखिला लिया था मगर अफसोस इस बात का है दस छात्राएं दूर होने की वजह से दाखिला नहीं ले सकी और उन सभी की पढ़ाई छूट गई।
छात्राओं ने बताया कि 2025 में दसवीं कक्षा में 14 छात्राओं ने बोर्ड के एग्जाम दिए। उनके लिए भी आगे की पढ़ाई मुश्किल हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्कूल का दर्जा बढ़ाया जाए।