उधमपुर। उधमपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-वन-ए के 63वें किलोमीटर से गंडाला तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति अब जल्द अतीत का हिस्सा बनने वाली है। करीब 94.40 लाख रुपये की लागत से सड़क के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। वर्षों से चली आ रही आवाजाही की समस्याओं से राहत मिलेगी।
विकास शर्मा, राकेश कुमार, निर्मल सिंह, बोधराज, कालीदास व अन्य स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क के सुधरने से गंडाला और आसपास के गांवों के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जबकि विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य यात्रियों का सफर भी अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।