उधमपुर। पंचायत बट्टल में स्थानीय लोगों की तरफ से ''''स्वस्थ युवा, मजबूत राष्ट्र'''' विषय पर नशे के खिलाफ एक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें काफी संख्या में युवाओं व बच्चों ने भाग लेकर तीन किलोमीटर दौड़ लगाई और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड में अपना नाम दर्ज करवा चुके पूर्व सैनिक कुमार अजवानी मुख्य रूप से शामिल रहे। उन्होंने 468 दिनों में कन्याकुमारी से कश्मीर मैराथन पूरी की है।
उन्होंने कहा कि मैराथन जैसे आयोजन से युवाओं और बच्चों के लिए खास तौर पर यहीं सदेंश है कि वह सोशल मीडिया और ड्रग्स से दूर रहें। सोशल मीडिया अच्छा भी है लेकिन इसके कई दुष्प्रभाव भी हैं, इसलिए इसे एक हद तक इस्तेमाल करना चाहिए। दूसरा ड्रग्स समाज को भीतर ही भीतर खोखला कर रहा है और यह पूरे देश और समाज के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। इसलिए हमें इसका डटकर और मिलजुल कर खात्मा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी मैराथन दौड़ देश के सैनिकों के समर्थन और उनके सम्मान में समर्पित है, वे सोमवार को उधमपुर से चंडीगढ़ तक मैराथन दौड़ शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा, कि खेल गतिविधियां युवाओं के शारीरिक फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य के लिए काफी अहम हैं। इनमें बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। दौड़ के अंत में प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर स्थानीय समाज सेवक स्वर्ण राठौर, सेवानिवृत कर्नल सोमराज, सोमराज अत्री व काफी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, पूर्व सैनिक व क्षेत्रवासी मौजूद थे।