उधमपुर। ब्लॉक जगानू के अंतर्गत आने वाले सरकारी विद्यालयों में कक्षाओं की कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों और शिक्षकों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। मिडिल स्कूल काह और प्राइमरी स्कूल दादर में एक-एक अतिरिक्त क्लास रूम के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। प्रत्येक के निर्माण पर 10.42 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार साल 2003 में स्थापित आठ कक्षाओं वाले मिडिल स्कूल काह में वर्तमान में कुल पांच कक्षाएं उपलब्ध हैं। इसके चलते कई कक्षाओं को एक ही कमरे में संचालित करना पड़ता था। इससे पठन-पाठन प्रभावित हो रहा था। अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण से अब विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा और शिक्षकों को भी पढ़ाने में सुविधा होगी।
वहीं साल 2005 में स्थापित पांच कक्षाओं वाले प्राइमरी स्कूल दादर की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण थी। यहां केवल दो कक्षाएं हैं, जबकि नामांकन के अनुसार बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सीमित कमरों के कारण बच्चों को बैठने, पढ़ने और गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। एक अतिरिक्त क्लास रूम बनने से इस समस्या का समाधान होगा और बच्चों को सुरक्षित व व्यवस्थित माहौल मिलेगा।
विभाग के मुताबिक निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। भवन निर्माण में बच्चों की सुरक्षा, रोशनी, वेंटिलेशन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
कालीदास, फकीर नाथ, अनुपम शर्मा, विक्की सिंह, सुशील कुमार व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी शैक्षणिक ढांचे के सुदृढ़ होने से बच्चों का विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ेगी। कुल मिलाकर अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण छात्रों की वर्षों पुरानी परेशानी को दूर करेगा और उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त करने में मददगार साबित होगा।
कोट
प्राइमरी स्कूल दादर और मिडिल स्कूल काह में क्लास रूम के निर्माण कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। इसका टेंडर भी जारी हो गया है। जल्द आगे का काम भी पूरा किया जाएगा।
-
कल्पना जसरोटिया, डिप्टी सीईओ