भद्रवाह। जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह-पठानकोट अंतरराज्यीय राजमार्ग पर स्थित ऊंचाई वाले बर्फीले पर्यटन स्थल इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य, ताजी बर्फबारी, स्थानीय लोगों की गर्मजोशी भरी मेहमान-नवाजी और जम्मू-कश्मीर पुलिस की तरफ से प्रदान की जा रही चौबीसों घंटे की पुख्ता सुरक्षा ने देशभर से आने वाले सैलानियों का दिल जीत लिया है।
अत्यधिक कड़ी ठंड और कठिन मौसम परिस्थितियों के बावजूद जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) द्वारा मुहैया कराई गई मजबूत सुरक्षा व्यवस्था ने पर्यटकों के शुरुआती डर को दूर कर दिया है। इसके चलते पर्यटक न केवल प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे हैं, बल्कि स्नो प्ले जैसी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
पिछले 15 दिनों से भद्रवाह-पठानकोट राजमार्ग के साथ-साथ भद्रवाह–चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर स्थित ऊंचाई वाले पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हैं। हाल ही में किश्तवाड़ के जंगलों और पड़ोसी जिलों कठुआ व उधमपुर में आतंकी गतिविधियों के बावजूद, पुलिस की सक्रिय मौजूदगी और मित्रवत व्यवहार ने पर्यटकों में सुरक्षा का भरोसा पैदा किया है।
इस संबंध में एसपी भद्रवाह विनोद शर्मा ने कहा कि भद्रवाह जम्मू-कश्मीर के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों में से एक है। सर्दियों में जब आसपास के ऊंचे पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होती है, तब सुरक्षा की दृष्टि से यह हमारे लिए एक बड़ी चुनौती बन जाती है, क्योंकि पर्यटक बर्फ से ढके मैदानों और दर्रों की ओर जाना पसंद करते हैं, खासकर भद्रवाह-पठानकोट हाईवे और भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर।
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में हुई बर्फबारी और बहुत खराब मौसम की स्थिति के बावजूद, जिसमें रात का तापमान माइनस 15 तक गिर गया था, चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। गुलदंडा, पंज नाला और छत्तरगलां जैसे ऊंचे पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों के लिए सुरक्षा कवर प्रदान किया है।
महाराष्ट्र से आए पर्यटक विशाल शर्मा ने कहा कि यहां आने से पहले हमें सुरक्षा को लेकर थोड़ी चिंता थी, लेकिन गुलदंडा और छत्तरगलां दर्रे पर पहुंचते ही हमारा डर खत्म हो गया। पुलिस की बेहतरीन व्यवस्था और स्थानीय लोगों की मेहमानवाजी ने हमारी यात्रा को यादगार बना दिया। हम दोबारा भद्रवाह जरूर आएंगे।
गुजरात से आए पर्यटक सतीश सिंह जाधव ने कहा कि पुलिस का पूरा सहयोग मिला। जगह-जगह चेक पोस्ट हैं, लेकिन पुलिस का दोस्ताना रवैया हमारी यात्रा को और भी सुखद बना गया। सुरक्षित माहौल में बर्फ देखने का हमारा सपना पूरा हो गया।
स्थानीय लोगों और पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर हुई बर्फबारी और पुलिस की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के कारण पर्यटन उद्योग में जबरदस्त उछाल आया है।
भद्रवाह के पर्यटन रणनीतिकार राशिद चौधरी ने कहा, पहले इस मौसम में ऊंचाई वाले इलाकों में केवल सेना की मौजूदगी देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार सीमित संसाधनों के बावजूद जम्मू-कश्मीर पुलिस माइनस 15 डिग्री तापमान में भी सराहनीय कार्य कर रही है।
गुलदंडा वेंडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष यासिर वानी के अनुसार, पहली बर्फबारी के बाद से पिछले 15 दिनों में करीब 19,000 पर्यटकों ने गुलदंडा का दौरा किया है। पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन डोडा ने 17 और 18 जनवरी को गुलदंडा में दो दिवसीय शीतकालीन महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया है, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।