उधमपुर। ब्लॉक नरसू की पंचायत समरोली में न्यू पंचायत घर योजना के तहत जल्द ही नए पंचायत घर का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 29.82 लाख रुपये की लागत आएगी। पंचायत घर के निर्माण से ग्रामीणों में खुशी की लहर है और लोगों को इससे प्रशासनिक कार्यों में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा पंचायत घर निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। विभाग अनुसार, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नया पंचायत घर बनने से ग्राम पंचायत के सभी कार्य एक ही स्थान पर सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगे।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक वर्तमान में पंचायत से जुड़े कार्य सीमित संसाधनों और अस्थायी व्यवस्थाओं के कारण प्रभावित होते रहे हैं। नए पंचायत घर के निर्माण से पंचायत बैठकों, जनसुनवाई, सरकारी योजनाओं की समीक्षा और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। इसके साथ ही पंचायत कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
अश्वनी शर्मा, नेक राम, गणेश शर्मा, अवतार कृष्ण व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत घर बनने से उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रमाण पत्र, योजनाओं से संबंधित जानकारी, शिकायत दर्ज कराने और अन्य जरूरी कार्य अब गांव में ही आसानी से हो सकेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
वहीं पंचायत प्रतिनिधियों ने भी इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि नया पंचायत घर ग्राम पंचायत की पहचान को मजबूत करेगा और विकास कार्यों को नई दिशा देगा। डीडीसी नरसू सुभाष चंद्र का कहना है कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे डिजिटल सेवाओं को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीणों को भी सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और पंचायत के समग्र विकास की गति को बढ़ावा मिलेगा।
कोट
पंचायत घर के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर जारी हो गया है और इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही आगे का काम भी पूरा किया जाएगा।
-
संजय कुमार, एक्सईएन, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग
रिपोर्ट-विजय कुमार