उधमपुर। चिनैनी के प्रसिद्ध देवी मंदिर मंडलोत में अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए जल्द यात्री धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। पीआरआई कैपेक्स बजट के तहत लगभग 15 लाख की लागत से योजना को स्वीकृति मिली है।
मंदिर धार्मिक दृष्टि से एक प्रमुख स्थल माना जाता है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक दर्शन करने आते हैं। त्योहारों और मेलों पर ज्यादा भीड़ रहती है। अब तक यात्रियों को ठहरने और विश्राम करने के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं थी। इस कारण श्रद्धालुओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। धर्मशाला के निर्माण से समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
यात्री धर्मशाला में श्रद्धालुओं के ठहरने से लेकर शौचालय, पेयजल व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को रात्रि विश्राम और दिनभर की यात्रा के बाद आराम करने में सहूलियत होगी।
ग्रामीणों ने निर्णय का स्वागत करते हुए सरकार और विभाग का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि धर्मशाला के निर्माण से न केवल यात्रियों को लाभ होगा बल्कि स्थानीय लोगों की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में भी सुविधा मिलेगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सुनील महाजन, विकास शर्मा, नरेंद्र कुमार, मोहन लाल शर्मा व अन्य का कहना था कि इस कदम से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। जैसे-जैसे सुविधाएं बढ़ेंगी, वैसे-वैसे बाहर से आने वाले यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा, जिससे अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ेगा। उम्मीद है कि कार्य समय पर पूरा होगा ताकि श्रद्धालु शीघ्र ही सुविधा का लाभ उठा सकें। धर्मशाला न केवल पुरानी समस्या को दूर करेगी बल्कि क्षेत्र के धार्मिक और सामाजिक महत्व को भी और अधिक मजबूत बनाएगी।
यात्री धर्मशाला के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर जारी हो चुका है और जल्द ही काम पूरा किया जाएगा।
संजय कुमार, एक्सईएन, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग