उधमपुर। शहर के एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में चल रहे मासिक सिलाई प्रशिक्षण का रविवार को समापन हो गया। इसमें प्रशिक्षण पूरा करने वाली 30 महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अब ये महिलाएं अपना रोजगार खोल सकती हैं।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार के काबिल बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास है ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत हो सकें।
जानकारी के मुताबिक प्रशिक्षण अवधि के दौरान महिलाओं को सिलाई मशीन का संचालन, नैप-टूल, डिजाइनिंग, फिनिशिंग, स्कूल ड्रेस, लेडीज़ सूट और दैनिक उपयोग के कपड़े बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। संस्थान का कहना है कि ये महिलाएं अब छोटे स्तर पर अपने काम की तैयारी शुरू कर चुकी हैं।
संस्थान के संकाय अंकुश ने बताया कि संस्थान में महिलाओं के लिए प्रशिक्षण के बाद भी सहायक सेवाएं जारी की जाएंगी। इच्छुक महिलाओं को बैंक से लोन दिलाने, यूनिट स्थापित करने और मार्केटिंग की जानकारी देने में भी सहयोग मिलेगा। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण देना ही संस्थान का मुख्य लक्ष्य है। वहीं प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने भी संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे अब सम्मान के साथ अपना काम शुरू करने के लिए तैयार हैं।