उधमपुर। शहर के वार्ड 11 में हैप्पी मॉडल स्कूल के पास बरसात के समय होने वाले जलभराव की समस्या अब जल्द ही खत्म होने की उम्मीद है। क्षेत्र में जल निकासी को सुचारू बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 5 लाख रुपये की लागत से नाली के निर्माण कार्य का टेंडर जारी कर दिया है। लंबे समय से स्थानीय लोग बरसात के दिनों में सड़क व आसपास के क्षेत्र में जमा होने वाले पानी से परेशान थे। कई बार तेज बारिश के दौरान पानी घरों और दुकानों के भीतर तक घुस जाता था। इससे लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ता था।
जानकारी के अनुसार नई नाली के निर्माण से हैप्पी मॉडल स्कूल के आसपास का पूरा क्षेत्र लाभान्वित होगा। स्कूल के सामने सड़क पर हर साल पानी जमा होने से न केवल यातायात बाधित होता था, बल्कि बच्चों के आवागमन में भी भारी मुश्किलें आती थीं। अभिभावकों द्वारा कई बार शिकायतें दर्ज कराए जाने और स्थानीय वार्डवासियों की मांग को देखते हुए विभाग ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दी है।
जारी किए गए टेंडर के अनुसार नाली निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद बरसाती पानी के तेजी से निकासी का रास्ता बनेगा। इससे जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होगी। वर्षों से हो रही परेशानी को देखते हुए नगर परिषद की तरफ से इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता पर रखा गया था।
वहीं स्थानीय निवासियों ने इस कदम को सराहनीय बताया है। सुनील कुमार, नीरज गुप्ता, बबली देवी, सतीष कुमार व अन्य का कहना है कि बरसात के दौरान पानी घरों में घुसने से कई बार घरेलू सामान और दुकानों में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त होता था। इससे आसपास के स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ता था। इसके अलावा सड़क पर काफी ज्यादा पानी भर जाने से आवाजाही भी कठिन हो जाती थी। खासकर स्कूली बच्चों और कामकाजी लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। अब नई नाली बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा। यह विकास कार्य उनके लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। उन्होंने विभाग से कार्य को समय पर और गुणवत्तापूर्वक पूरा करने की अपील की है।
कोट
हैप्पी माॅडल स्कूल के नजदीक ड्रेन के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर जारी कर दिया गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही आगे का काम भी पूरा किया जाएगा।
-
रोहित गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग