उधमपुर। शिवसेना की जिला इकाई की तरफ से जिला प्रधान संजीव कुमार की अध्यक्षता में रामनगर की अमरोहा पंचायत के पदरका गांव में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पानी की किल्लत को लेकर जलशक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
बैठक में पंचायत स्तर के लिए पार्टी की कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। जिसमें काफी संख्या में गांववासियों ने पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर लोगों ने अपनी अन्य समस्याओं को अवगत करवाने के अलावा मुख्य रूप से गांव में पानी की किल्लत की समस्या को प्रमुखता से उठाया। बताया कि गांव में काफी समय से पानी की किल्लत पेश आ रही है लेकिन जलशक्ति विभाग उनकी समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। वहीं इसको लेकर ग्रामीणों की तरफ से जिला अध्यक्ष संजीव कुमार की अध्यक्षता में जलशक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया गया।
संजीव कुमार ने बताया कि बीते लगभग 10 सालों से इस गांव में पानी की काफी ज्यादा परेशानी पेश आ रही है। लोग मजबूर होकर कई कई किलोमीटर पैदल नदी-नालों से पानी ढोकर पीने को मजबूर हैं। खासकर गर्मी के दौरान इनके मवेशियों के लिए भी पानी का प्रबंध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव में पेयजल सप्लाई के लिए पाईपें बिछा दी गई हैं और वाटर टैंक भी बनवाए गए हैं लेकिन पानी अभी तक नहीं पहुंचाया गया है। इसके कारण गांववासी बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने जलशक्ति विभाग से अपील की कि जल्द से जल्द इनकी समस्या का समाधान कर राहत पहुंचाई जाए अन्यथा एक सप्ताह के बाद शिवसेना जलशक्ति विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएगी।