उधमपुर। शहर के वार्ड 20 के संगूर इलाके में 19.91 लाख की लागत से कंक्रीट और इंटरलाकिंग टाइल वाली गलियों और नालियों का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इसमें संगूर मोहल्ले में राजकुमार के घर के पास 15 मीटर लंबी गली और बीच की नाली का निर्माण और कॉमन पब्लिक हाई स्कूल से सटी गली और नाली का निर्माण कार्य शामिल है।
इन गलियों में कंक्रीट और इंटरलाकिंग टाइल का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए नालियों के निर्माण कार्य को भी आधुनिक गुणवत्ता नियमों के अनुरूप बनाया जाएगा। इस कार्य को लेकर लोक निर्माण विभाग की तरफ से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं इसको लेकर स्थानीय निवासियों ने प्रशासन का आभार जताया है। विनोद कुमार, यशपाल शर्मा, मोहिन्दर कुमार, बाल कृष्ण व अन्य ने कहा कि काफी समय से यह गलियां जर्जर थीं। इसके कारण आवाजाही को लेकर काफी समस्या पेश आ रही थी। खासकर बरसात में गलियों में कीचड़-फिसलन बढ़ने से हादसों का भी जोखिम बना हुआ था। इसके अलावा नालियों की जर्जर स्थिति से आसपास लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या भी पेश आती थी। इसलिए बीते कई महीनों से इन गलियों और नालियों की हालत सुधारने की मांग की जा रही थी। अब इनके निर्माण से पेश आने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी और आवाजाही सुगम होगी।
कोट
वार्ड 20 के संगूर में गलियों और नालियों के निर्माण कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद जल्द ही आगे का काम भी पूरा किया जाएगा।
-
रोहित गुप्ता, एईई, लोक निर्माण विभाग