उधमपुर। उधमपुर की करीब 15 किलोमीटर लंबी उधमपुर-काल्डी सड़क (पीएमजीएसवाई) इन दिनों अपनी खस्ता हालत के कारण लोगों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी यह सड़क न केवल वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण है, बल्कि आम जनता भी इसके कारण आवाजाही को लेकर परेशानी में हैं।
इस परेशानी को लेकर मोहन लाल, दीप कुमार व अन्य ड्राइवरों का कहना है कि यह सड़क काल्डी, औसू, कैरा, करसैल, कराटियां, अनसू आदि कई ग्रामीण इलाकों को जिला मुख्यालय से जोड़ती है और रोजाना सैकड़ों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत न होने के कारण उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। कई बार प्रशासन को शिकायत दी गई, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खराब सड़क के कारण यात्रा में दोगुना समय लग रहा है और वाहनों की मरम्मत पर भी अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है। स्कूल जाने वाले बच्चे और मरीज भी इस समस्या से जूझ रहे हैं।
वहीं सड़क की दयनीय हालत से परेशान स्थानीय लोगों ने भी सड़क की मरम्मत के लिए जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होना पड़ेगा। स्थानीय निवासी कालीदास, मनोज शर्मा, अनिल कुमार, रविन्दर गुप्ता व अन्य का कहना है कि सड़क पर गड्ढों की भरमार है। इससे वाहन चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं जब गड्ढे पानी से भर जाते हैं और दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। आए दिन दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं और चार पहिया वाहनों के लिए भी हादसों का जोखिम बढ़ गया है। सड़क की खस्ताहालत ने काल्डी और आसपास के करीब आधा दर्जन इलाकों की 10 हजार से अधिक आबादी के लिए आवाजाही की परेशानी खड़ी कर दी है। इसलिए प्रशासन से अपील है कि जल्द सड़क की मरम्मत कर राहत दिलाए।
कोट
पीएमजीएसवाई की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को लेकर फंड मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। इसकी मंजूरी के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
-
अता मोहम्मद, एईई, पीएमजीएसवाई उधमपुर