उधमपुर। नेकां ओबीसी सेल के प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू में पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के ओबीसी सेल के जिला अध्यक्ष अनायत उल्लाह ने किया। इस मौके पर उनके साथ प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता और ओबीसी सेल जम्मू के प्रांतीय अध्यक्ष अब्दुल गनी तेली भी थे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. फारूक अब्दुल्ला को बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण ओबीसी के लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने पिछले दस वर्षों में हुई कठिनाइयों पर गहरी चिंता व्यक्त की तथा कहा कि प्रशासनिक उदासीनता, रोजगार के अवसरों की कमी तथा अपर्याप्त स्वास्थ्य देखभाल एवं स्वच्छता सुविधाओं के कारण उनकी परेशानियां कई गुना बढ़ गई हैं।
डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यान से सुनी तथा उन्हें आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार आम जनता के बेहतर कल्याण के लिए सभी विकास संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए पर्याप्त कदम उठाएगी।प्रतिनिधिमंडल में ठाकुर दास, सुरम चंद, आंचल कुमार, मोती राम, गीता देवी, सपना देवी आदि शामिल थे।