किश्तवाड़। जिला पुलिस ने वर्ष 2025 के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, आतंकवाद विरोधी कार्रवाइयों तथा जनसुरक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल की हैं।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जिले में कुल 394 आपराधिक मामले दर्ज किए गए। इनमें से 369 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इस प्रकार अपराध निपटान दर बढ़कर 93.65 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो वर्ष 2024 की तुलना में कहीं अधिक है। साइबर पुलिस स्टेशन किश्तवाड़ ने करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामलों पर कार्रवाई की, जबकि 230 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियानों में वर्ष 2025 के दौरान 27 एनडीपीएस मामले दर्ज कर 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 11 अभी न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस ने चिट्टा, चरस, गांजा और नशीली कैप्सूल की बड़ी मात्रा में बरामदगी की, वहीं पीआईटी एनडीपीएस कानून के तहत दो व्यक्तियों को निवारक हिरासत में भी लिया गया।
चोरी और सेंधमारी के मामलों में भी किश्तवाड़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। वर्ष 2025 में कुल 19 चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से दो को पीएसए के तहत निरुद्ध किया गया। पुलिस ने करीब 23 लाख 87 हजार रुपये की नकदी बरामद की। इसमें डच्चन थाना क्षेत्र के जेएंडके बैंक लूट मामले में बरामद 14 लाख 42 हजार रुपये भी शामिल हैं। इस मामले को सुलझाना पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पशु तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। वर्ष 2025 में 12 मामले दर्ज कर पांच वाहनों को जब्त किया गया और 105 पशुओं को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया। इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है। आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए अभियानों में जिला पुलिस किश्तवाड़ अग्रिम पंक्ति में रही। वर्ष 2025 के दौरान छह बड़े आतंकवाद विरोधी अभियानों में तीन विदेशी आतंकवादियों को मार गिराया गया। इसके अलावा 151 ओवर ग्राउंड वर्कर्स की पहचान की गई, जिनमें से 24 वर्तमान में जेल में बंद हैं, जबकि एक को पीएसए के तहत निरुद्ध किया गया। जिले में कुल 1523 तलाशी एवं घेराबंदी अभियान चलाए गए।