जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में बर्फबारी से पहले का नजारा।
- फोटो : chineni news
चिनैनी। जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में मंगलवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया। जैसे ही दोपहर करीब 1:30 बजे कुदरत ने बर्फ के फाहे बरसाना शुरू किया तो सैलानियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बर्फबारी ने कुछ मिनट के लिए उनकी मुराद को पूरी कर उनकी खुशियां दोगुनी कर दीं।
मंगलवार सुबह से ही देश भर के सैलानी प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप, नत्थाटाॅप व सनासर पहुंचे हुए थे। सुबह के समय आसमान खुला हुआ था और तेज धूप लोगों को राहत दिला रही थी लेकिन देखते ही देखते आसमान पर बादलों का डेरा लगना शुरू हो गया। दोपहर करीब 1:30 बजे पर्यटन स्थलों में कुदरत ने अपनी मेहरबानी दिखाते हुए सैलानियों की मुराद पूरी कर दी। करीब 10 मिनट के लिए प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में हलकी बर्फबारी शुरू हो गई। पार्कों में मौज मस्ती कर रहे सैलानियों ने कुदरत का शुक्रिया अदा किया। जिस आस से सैलानी पटनीटॉप पहुंचे हुए थे, कुदरत ने उनकी मुराद को पूरी कर उन्हें यादगार पलों को कैद करने का मौका दे दिया। कोई फाहों को पकड़ रहा था तो कोई गानों की धुन पर नाच कर जश्न मना रहा था। हालांकि बर्फ जमी तो नहीं लेकिन पटनीटाॅप में पहुंचे सैलानियों ने इस नजारे का भरपूर लाभ उठाया ।
कारोबारी बोले-आने वाले दिनों में भारी हिमपात होगा
पटनीटॉप फोटोग्राफर यूनियन के प्रधान सुभाष चंद्र ने बताया कि मंगलवार दोपहर के समय हिमपात ने कारोबारियों की उम्मीदों को जगा दिया । सीजन का पहला हिमपात चाहे न जमा हो लेकिन उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पटनीटॉप समेत नत्थाटॉप व सनासर में बर्फबारी होने से कारोबार में इजाफा होगा। मंगलवार को थोड़ी देर ही सही लेकिन देर आए दुरुस्त आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिमपात से सैलानी खुश हुए हैं और जिस उम्मीद को लेकर वह पटनीटाॅप पहुंचे थे कुदरत ने उनकी मुराद को पूरी कर दिया है ।
सुबह के समय निराशा तो दोपहर को झलकी खुशी
पटनीटॉप में मंगलवार को कई सैलानी अपने परिवार सहित छुट्टी मनाने के लिए पहुंचे हुए हैं। दरअसल स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियों के चलते कई सैलानी पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं । मंगलवार को भी कई सैलानी मित्रों सहित तो कुछ परिवार सहित पटनीटॉप पहुंचे हुए थे जो सुबह से दोपहर तक निराश दिखे। सैलानी बार-बार आसमान पर टकटकी लगाए हुए थे। जैसे ही बर्फबारी हुई सैलानी झूम उठे ।