रिश्वतखोरी के आरोपी पटवारी के सैला तालाब स्थित किराए के मकान की तलाशी लेने पहुंची टीम
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने पटवार हलका लड्डा तहसील मौंगरी में तैनात पटवारी प्रधान सिंह को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विरासती इंतकाल और उसकी नकल उपलब्ध कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी के अनुसार, आरोपी सार्वजनिक सेवक ने शिकायतकर्ता से उक्त कार्य के लिए कुल 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इस पर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर एसीबी ने गुप्त सत्यापन किया जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस स्टेशन एसीबी उधमपुर में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पकड़ लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद की गई। आरोपी पटवारी के किराए के आवासों-सैलां तालाब, उधमपुर तथा बसनोत, तहसील मौंगरी, जिला उधमपुर में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी भी ली गई। एसीबी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
सुत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एसीबी की छापेमारी के दौरान पटवारी ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान वह गिरकर घायल हो गया। उसे टांग में चोट लग गई। एसीबी ने उसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। तहसीलदार मौंगरी आरुषि सब्बरवाल ने बताया कि एसीबी की तरफ से पटवार हल्का लड्डा में तैनात पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी कार्रवाई की गई है। इसे लेकर जांच चल रही है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिसंबर में भी एसीबी ने मजालता में एक पटवारी को गिरफ्तार किया था जो काम के बदले रिश्वत मांग रहा था।