चिनैनी। कस्बे के हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में चिनैनी क्रिकेट लीग का आयोजन जारी है। शुक्रवार को पहला मैच शैडो स्ट्राइक तथा थंडर स्ट्राइक के बीच खेला गया। इसमें थंडर स्ट्राइक ने जीत हासिल की। दूसरा मैच रॉयल मादा व शैडो स्ट्राइक के बीच हुआ। इसमें शैडो स्ट्राइक ने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
पहले मैच में शैडो स्ट्राइक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 62 रन बनाए, इसमें मन्नी ने 10 गेंद में 13 रन बनाए, जबकि थंडर स्ट्राइक के गेंदबाज मनोज ने दो ओवर में 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी थंडर स्ट्राइक की टीम ने 3.4 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसमें रशीद ने 12 गेंद में 36 रन बनाए और मुजीबल ने 10 गेंद पर 28 रन बनाए। मुजीबल को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया ।
वहीं दूसरा मैच रॉयल मादा व शैडो स्ट्राइक के बीच खेला गया। शैडो स्ट्राइक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रायल मादा की टीम 9.3 ओवर में 68 रन पर ऑल आउट हो गई। इसमें मुकेश ने 13 गेंद में 26 रन बनाए। वहीं शैडो स्ट्राइक के गेंदबाज समीर ने दो ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उधर लक्ष्य का पीछा करने उतरी शैडो स्ट्राइक की टीम ने 7.4 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस टीम के समीर ने 8 गेंद में 18 रन बनाए । रॉयल मादा की तरफ से प्रदीप ने दो ओवर में 24 रन देकर चार विकेट हासिल किए । समीर को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।