किश्तवाड़। उच्चतम न्यायालय की तरफ से जारी निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को लावारिस कुत्तों के प्रबंधन को लेकर उपायुक्त कार्यालय में बैठक की। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने नगर परिषद किश्तवाड़ को पशुपालन विभाग के साथ समन्वय में कुत्तों का मानवीय तरीके से उठान, परिवहन, नसबंदी, टीकाकरण, टैगिंग और पुनः छोड़ना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुत्तों के लिए अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण, अस्थायी विश्राम स्थल तथा सुरक्षित क्षेत्र विकसित करने पर भी जोर दिया। बैठक में पूरे जिले में आवारा कुत्तों के प्रबंधन को और प्रभावी व समन्वित बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि सरकारी भवनों और निजी आवासों से संचालित सभी कार्यालयों का मानचित्रण सुनिश्चित किया जाए। यह भी पक्का किया जाए कि इन परिसरों में बाड़बंदी, मुख्य द्वार तथा सुरक्षा व्यवस्था उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार पूर्ण रूप से हो।
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद किश्तवाड़ ने बताया कि नगर क्षेत्र में लावारिस पशुओं के लिए निर्धारित भोजन स्थलों की पहचान कर ली गई है तथा वहां सूचक पट्ट लगाने का कार्य प्रगति पर है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिए कि इन भोजन स्थलों को स्पष्ट रूप से चिह्नित, आधिकारिक रूप से अधिसूचित तथा नियमित रूप से रखरखाव किया जाए, ताकि आम जनता को सुविधा मिले और पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार भी बना रहे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को संयुक्त रूप से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। यह अभियान पशु–क्रूरता की रोकथाम, नसबंदी के लाभ, निर्धारित भोजन स्थलों का महत्व, क्रूरता के कानूनी परिणाम तथा बाजार, बस स्टैंड, विद्यालयों सहित सार्वजनिक स्थलों पर सूचना–शिक्षा–संचार सामग्री के प्रसार पर केंद्रित रहेगा।
पशुपालन विभाग ने बताया कि एसपीसीए (सोसाइटी फॉर द प्रिवेंशन ऑफ क्रूएल्टी टू एनिमल्स) का गठन, पंजीकरण तथा संचालन पहले से हो चुका है। उपायुक्त पहले ही पशुपालन विभाग को गांव डूल में 10 कनाल राज्य भूमि पर पशु–आश्रय–सह–जन्म नियंत्रण केंद्र स्थापित करने के निर्देश दे चुके हैं। यह केंद्र ऑपरेशन थिएटर, ऑपरेशन उपरांत वार्ड, टीकाकरण एवं भोजन क्षेत्र तथा समुचित रिकॉर्ड–प्रबंधन प्रणाली से सुसज्जित होगा। इससे जिले में आवारा कुत्तों के प्रबंधन को सुव्यवस्थित किया जा सकेगा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त पवन कोतवाल, सहायक आयुक्त राजस्व इदरीस लोन, जिला पंचायत अधिकारी मनोज कुमार, सहायक आयुक्त विकास नीरज शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद किश्तवाड़ मिर्जा मुमताज़ इकबाल, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी तसलीम वानी, विभिन्न कार्यकारी अभियंता, जिला भेड़ एवं पशुपालन अधिकारी, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी मसूद अहमद काज़ी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।