चिनैनी के सुद्धमहादेव में किसान मेले में पहुंचे अधिकारी।
- फोटो : chineni news
चिनैनी। शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी, जम्मू (स्कॉस्ट) के कृषि प्रसार शिक्षा विभाग की तरफ से किसान मेला का आयोजन सुद्धमहादेव में किया गया।
मेले में उधमपुर तथा आसपास के क्षेत्रों से आए 500 से अधिक किसानों ने भाग लिया। मेले में मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) बी. एन. त्रिपाठी, कुलपति स्कॉस्ट जम्मू उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि स्कॉस्ट जम्मू किसानों के कल्याण और ग्रामीण उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत है। प्रयोगशालाओं में विकसित वैज्ञानिक तकनीकों को खेतों तक पहुंचाना ही प्रसार शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया।
मेले में फ्लोरीकल्चर विभाग, केवीके रियासी, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, भेड़ पालन विभाग, मछली पालन विभाग तथा कई किसान उत्पादक संगठनो द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों में नवीनतम कृषि तकनीकें, योजनाएं, बीज, उर्वरक और कृषि यंत्र प्रदर्शित किए गए।