दोमेल चौक पर मृतका के मायके वालों को समझाते हुए पुलिस अधिकारी।
- फोटो : udhampur news
उधमपुर। शहर की हाउसिंग कॉलोनी में बुधवार को पेट्रोल डालकर जलाई गई महिला ने वीरवार को जीएमसी जम्मू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी महिला का सौतेला बेटा है। उसे पुलिस ने बुधवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। महिला की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजनों ने वीरवार को दोमेल चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने समझाबुझा कर जाम खुलवाया।
मृतका की पहचान सुषमा देवी निवासी हाउसिंग कॉलोनी के रूप में हुई है। वहीं, मृतक महिला की मां ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी के साथ पहले भी कई बार मारपीट की जाती थी। वह कुछ समय पहले मायके आई हुई थी और दो दिन पहले ही ससुराल जाने की बात कह रही थी। उसे रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन बेटी अपने बेटे की खातिर शाम को वापस घर चली गई और अगले ही दिन उसके सौतेले बेटे परमोक्ष वर्मा ने इस रूह कंपा देने वाली वारदात को अंजाम दे दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी परमोक्ष पहले भी बेटी को लगातार प्रताड़ित करता था और जान से मारने की धमकियां देता था। परिजनों ने मांग की कि आरोपी को फांसी की सजा दी जाए। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सज्जाद परवेज और अन्य पुलिस अधिकारियों ने भारी मशक्कत के बाद परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया।
आरोपी की सगी बहन का सोशल मीडिया पर बड़ा खुलासा
इस हत्याकांड के सामने आने के बाद मृतका के परिवार के पुराने राज भी खुलने लगे हैं। आरोपी परमोक्ष वर्मा की सगी बहन बगीशा शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक कमेंट के जरिए सनसनीखेज दावा किया है कि साल 2005 में उनकी सगी मां को भी ठीक इसी तरह जलाकर मार डाला गया था और तब किसी को सजा नहीं मिली थी। बगीशा ने लिखा है कि वह आरोपी की रियल सिस्टर है और 2005 में उनकी मां की भी जलने से मौत हुई थी। उस वक्त वह और परमोक्ष महज 5 साल के थे और अनाथ हो गए थे। उनके नाना उन्हें अपने साथ ले आए थे, लेकिन उनके भाई परमोक्ष को उसके पिता ने उसी माहौल में छोड़ दिया। बगीशा ने इसे ''''कर्मा'''' करार दिया है।
21 साल बाद एक ही परिवार में इतिहास का दोहराव
मृतका के सगे बेटे साहिल ने भी आरोपी परमोक्ष पर उसकी मां के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतिका के पति केशव वर्मा की पहली पत्नी की भी वर्ष 2005 में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से ही मौत हुई थी। केशव वर्मा ने पहली पत्नी की मौत के बाद सुषमा देवी से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से बगीशा और परमोक्ष दो बच्चे हैं, जबकि दूसरी पत्नी सुषमा का बेटा साहिल है। महज 21 साल के अंतराल में एक ही परिवार के भीतर दो महिलाओं की जिंदा जलने से हुई संदिग्ध और खौफनाक मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी परमोक्ष वर्मा को पहले ही अपनी हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
कोट
प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं उनकी भी हर पहलु से जांच करते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- प्रह्लाद शर्मा, डीएसपी, डीएआर